उत्तराखंड परिवहन को नई रफ्तार देने के लिए बेड़े में 100 नई बसें शामिल




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून
नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की जनता को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधा का तोहफा देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसों को शामिल किया। मुख्यमंत्री ने अपने कैम्प कार्यालय से बसों को फ्लैग ऑफ कर जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर 10 एसी तथा 2 स्लीपर अनुबंधित बसों की भी शुरुआत की गई।

मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया तथा कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएंगी तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था न केवल नागरिक सुविधा बल्कि आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। सरकार परिवहन निगम को निरंतर सशक्त कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शीघ्र ही निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने परिवहन निगम कर्मियों के हितों का भी विशेष ध्यान रखा है। डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परिवहन निगम को “सेवा का माध्यम” मानते हुए उसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।