हरिद्वार
डीएवी प्रबंधकर्तृ समिति, नई दिल्ली के प्रधान पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में डीएवी राष्ट्रीय खेलों का भव्य आयोजन देश के पाँच प्रमुख स्थलों पर किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं हरिद्वार, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में लड़कों के लिए तथा नोएडा में लड़कियों के लिए आयोजित हो रही है, जिसमें देशभर के डीएवी स्कूलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। देश के 18 राज्यों से लगभग 4000 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

डीएवी पब्लिक स्कूलों के निदेशक एवं स्पोर्ट्स संयोजक डॉ. वी. सिंह के कुशल निर्देशन में हरिद्वार में इस खेल प्रतियोगिताओं का विशेष आयोजन किया गया है।
वंदना कटारिया स्टेडियम, सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, क्रिकेट अकादमी, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज (देहरादून) सहित विभिन्न खेल परिसरों में 6 से 8 जनवरी 2026 तक 14 खेल विधाओं—एरोबिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, क्रिकेट, टेबल टेनिस, जूडो, कबड्डी, योग, लॉन टेनिस, स्किपिंग रोप, हैंडबॉल, स्क्वैश और जिम्नास्टिक्स—की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में फुटबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, हॉकी, रोलर स्केटिंग, आर्चरी, शूटिंग, स्विमिंग, रेसलिंग, वेटलिफ्टिंग तथा बिलियर्ड्स एवं स्नूकर जैसी खेल विधाओं का आयोजन भी 6 से 8 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिनमें उत्तराखंड के खिलाड़ी भी पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
खेल उपलब्धियों की दृष्टि से वर्ष 2025 डीएवी परिवार के लिए ऐतिहासिक रहा है। एक डीएवी विद्यार्थी का विश्व स्केटिंग चैंपियन बनना, विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में डीएवी के पूर्व विद्यार्थी निषाद कुमार द्वारा हाई-जंप में स्वर्ण पदक जीतकर नया एशियन रिकॉर्ड बनाना तथा डीएवी हंसराज कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी संदीप चौधरी द्वारा जेवलिन थ्रो F44 में रजत पदक जीतना—ये सभी उपलब्धियाँ डीएवी की खेल संस्कृति और समर्पण को दर्शाती हैं।
6 जनवरी 2026 को वंदना कटारिया स्टेडियम, रोशनाबाद (हरिद्वार) में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की फुर्ती, रणनीति, सजगता और अनुकरणीय खेल भावना देखने को मिली। पहले दिन के प्रमुख परिणामों में अंडर-14 फिटनेस एरोबिक्स में दिल्ली ने पहला, हरियाणा ने दूसरा और हिमाचल प्रदेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 स्पोर्ट्स एरोबिक्स में झारखंड ने पहला और तीसरा तथा हरियाणा ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 स्पोर्ट्स एरोबिक्स में हरियाणा पहले, झारखंड दूसरे और पश्चिम बंगाल तीसरे स्थान पर रहा।
क्रिकेट और हैंडबॉल मुकाबलों में भी रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहाँ विभिन्न राज्यों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अन्य खेलों के परिणाम शीघ्र घोषित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास कर रहे हैं। हरिद्वार में इन खेलों के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है, जिसके लिए डीएवी संस्था ने प्रशासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय एकजुटता का भी सशक्त संदेश दे रहा



