हरिद्वार
जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्षेत्र-1 हरिद्वार एवं जनपदीय प्रवर्तन टीम द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए चेकिंग अभियान में एक वाहन से भारी मात्रा में हरियाणा मार्का शराब बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, टीम द्वारा चमगादड़-टापू क्षेत्र में तड़के करीब सुबह 3:35 बजे सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन संख्या HR 84 8845 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 45 पेटी ‘Royal Stag Premier Whisky (For Sale in Haryana Only)’ बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से उत्तराखंड में खपाने की तैयारी थी।
आबकारी टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय पुत्र जगवीर सिंह, निवासी ग्राम सेहरी, थाना खरखोदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) तथा गीतिका पुत्री अमरजीत निवासी 59-60 बी ब्लॉक, प्रह्लादपुर, दिल्ली शामिल हैं। दोनों के खिलाफ धारा 63/72 उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। अभियान का नेतृत्व प्रमोद मैठाणी (सहायक आबकारी आयुक्त) ने किया। उनके साथ शैलेन्द्र उनियाल (आबकारी निरीक्षक), दर्शन सिंह (आबकारी निरीक्षक, क्षेत्र-1 हरिद्वार), सुरेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध शर्मा, नितिन कुमार (आबकारी स्टाफ), मदन सिंह चौहान, महावीर मैठाणी (उप आबकारी निरीक्षक) तथा नरेन्द्र शर्मा (आबकारी सिपाही) सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।
आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहरी राज्यों से लाई जा रही अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर इस अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आबकारी विभाग की सक्रियता से यह संदेश भी गया है कि कानून के खिलाफ काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हरिद्वार में 45 पेटी हरियाणा मार्का व्हिस्की बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार




