देशभक्ति, संकल्प और खेल भावना का दिखा भव्य संगम
हरिद्वार।
राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार में राष्ट्रीय पर्व 77वें गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कॉलेज के समस्त संकाय सदस्य, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, प्रशासनिक एवं सपोर्टिंग स्टाफ के साथ-साथ एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए तिरंगे झंडे को सलामी दी।
कॉलेज प्रांगण में प्रधानाचार्य डॉ सी.एम.एस. रावत ने ध्वज को फहराया।
एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं रचनाओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कलम सिंह बुटोला, विभागाध्यक्ष ऑर्थोपेडिक्स डॉ. चन्द्रशेखर, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनील चतुर्वेदी, असिस्टेंट प्रोफेसर (जनरल सर्जरी) डॉ. श्रद्धा मिश्रा तथा सीनियर रेजीडेंट (जनरल सर्जरी) डॉ. (मेजर) गजेन्द्र सोनी ने उपस्थितजनों को संबोधित किया।
प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें आत्मचिंतन और संकल्प का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति ऐसा संकल्प ले, जिससे स्वयं, परिवार, समाज, प्रदेश और देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दे सके। उन्होंने समय, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कारों को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की प्रोफेशनल परीक्षा सत्र 2024-25 में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले चार विद्यार्थियों—

योगेश पाठक, आदित्री कठेत, नितिन द्विवेदी एवं भूमि सरिन—
को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही संस्थान में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। फैकल्टी वर्ग से डॉ. धीरज गुप्ता (विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन), सीनियर रेजीडेंट से डॉ. आशुतोष सिंह (ईएनटी), जूनियर रेजीडेंट से डॉ. वंशिका शर्मा (एनाटॉमी), पैरामेडिकल स्टाफ से मनोहर देव चमोली (चीफ फार्मासिस्ट), प्रशासनिक स्टाफ से अरविन्द सिंह (वैयक्तिक सहायक) एवं आशीष नौटियाल (डाटा एंट्री ऑपरेटर) तथा सपोर्टिंग स्टाफ से सत्तार (सुरक्षाकर्मी) एवं रानी (पर्यावरण मित्र) को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीमद्भगवद्गीता प्रदान कर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह के पश्चात संस्थान परिसर स्थित खेल मैदान में खेल भावना को बढ़ावा देने हेतु तीन मैत्री क्रिकेट मैचों का आयोजन किया गया। इनमें फैकल्टी (पुरुष) बनाम स्टूडेंट्स (पुरुष), फैकल्टी (महिला) बनाम स्टूडेंट्स (महिला) तथा फैकल्टी बनाम स्टाफ के बीच 10-10 ओवर के मुकाबले खेले गए। रोमांचक मुकाबलों में क्रमशः स्टूडेंट्स (पुरुष), स्टूडेंट्स (महिला) एवं स्टाफ की टीम ने जीत दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीपक कुमार (45 रन), शीतल सेमवाल (16 रन एवं 5 विकेट) तथा अरविन्द सिंह (65 रन एवं 2 विकेट) को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।




