न्यूज127
डीएवी पब्लिक स्कूल देहरादून अपने बच्चों को शिक्षा, संस्कृति, संस्कारों के साथ—साथ खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने का भी कार्य करता है। स्कूल के होनहार बच्चे भारत ही नही अपितु विश्व पटल पर ख्याति अर्जित करने के साथ ही स्कूल और देश का नाम गौरवांवित कर रहे है। ऐसे ही डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा नायशा थापा ने बैंकॉक में सफलता के नवीन कीर्तिमान स्थापित करते हुए विद्यालय का ही नहीं वरन देश का भी नाम विदेश में रोशन किया है।

‘होनहार बीरवान के होत चिकने पात’ इस लोकोक्ति को सार्थकता प्रदान करता एक नाम है नायशा थापा। नायशा ने 13 से 16 फरवरी 2025 तक बैंकॉक में आयोजित एशियाई युवा चैंपियनशिप में जूजित्सू खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत रजत पदक जीता। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी भाग लिया और सातवाँ स्थान प्राप्त किया। इस आयोजन में छात्रा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के लिए भी क्वालीफाई किया। उन्होंने रांची में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में रजत पदक और डीएवी राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता। नायशा थापा जैसी प्रतिभावान विद्यार्थियों को समय-समय पर आगे बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित करना ही डीएवी विद्यालयों का प्रधान लक्ष्य रहा है। छात्रा खेलकूद के साथ-साथ पढ़ाई में भी होनहार है। यह बात अन्य बच्चों के लिए एक उदाहरण के समान है कि यदि विद्यार्थी में एकाग्रता और लगन हो तो पढ़ाई-लिखाई के साथ अन्य क्षेत्रों में भी सफलता पाई जा सकती है।
यहाँ यह बात विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि विद्यालय के कर्मठ खेल शिक्षक पुनेश ठाकुर के अनुभवी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन द्वारा छात्रा को इन सभी प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करने का अवसर प्राप्त हुआ है। एक शिक्षक ही विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचान कर उसे एक आकार प्रदान करने का कार्य करता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया जी ने छात्रा नायशा थापा को उसकी अपार सफलता पर बधाई देते हुए सम्मानित किया तथा भावी जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं है।