न्यूज 127
स्मार्ट मीटर के करंट का झटका लोगों को लगने लगा है। मकानों की दीवारों पर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए एजेंसी के लोग पहुंच रहे है। कांग्रेसियों के विरोध का सामना एजेंसी कर्मचारियों को पड़ रहा है। स्मार्ट मीटर को लगाने का तरीका भी बिजली विभाग ने भी बड़ा ही स्मार्ट निकाला है। स्मार्ट मीटर का चार्ज उपभोक्ताओं के बिलोें में जोड़कर वसूला जा रहा है। फिलहाल हरिद्वार की जनता अच्छे दिनों को देखकर बेहद खुश नजर आ रही है। स्मार्ट मीटर लगवाने का इंतजार कर रही है।
स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर लोगों का विरोध कम होने का मान नहीं ले रहा है। गुरूवार को वार्ड नंबर-22, आर्यनगर में पानी की टंकी के पास मकान मालिकों की बिना अनुमति लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताते हुए लोगों के घरों में लग चुके कई स्मार्ट मीटरों को उतरवा दिया।
विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगा रहे प्राइवेट कंपनी जीनस के कर्मचारियों को मौके से भगा दिया। मौके पर मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, युवा नेता अमित गुप्ता आदि ने उन्हें चेतावनी दी कि यदि शहर में कहीं भी बिना मकान मालिक की अनुमति के स्मार्ट मीटर लगाया तो वे उन्हें बंधक बना लेंगे। हैरानी की बात यह है कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली प्राइवेट कंपनी वीनस के कर्मचारियों के साथ कोई भी सरकारी कर्मचारी, अधिकारी साथ नहीं था। फिर आखिरकार प्राइवेट कंपनी जीनस के कर्मचारी जबरदस्ती लोगों के घरों पर लगे मीटरों की सील तोड़कर नए स्मार्ट मीटर किसके इशारे पर लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह प्राइवेट कंपनी जीनस का पहचान पत्र गले में लटकाए कुछ लोग वार्ड नंबर-22 आर्यनगर में पानी की टंकी के पास बिजली के स्मार्ट मीटर लगा रहे थे जिसका की स्थानीय निवासी मुकुल कुमार, पारस, सोनू, बेबी, रेखा, गगन, हिमांशु, चंपा देवी आदि जबर्दस्त विरोध कर रहे थे लेकिन प्राइवेट कंपनी जीनस कें कर्मचारी उनके विरोध को अनसुना कर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगा रहे थे कि उनमें से किसी ने कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी रही दीपिका गुप्ता के पति अमित गुप्ता को फोन कर दिया।
अमित गुप्ता ने मौके पर जाकर देखा तो प्राइवेट कंपनी जीनस के कर्मचारी वहां लोगों को डरा धमका का स्मार्ट मीटर लगा रहे थे तब अमित गुप्ता ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी को फोन पर इसकी सूचना दी। कांग्रेस नेता मनोज सैनी बिना देर किए मौके पर पहुंच गए और स्मार्ट मीटर लगा रहे कर्मचारियों से ही अब तक लगाए स्मार्ट मीटरों को उतरवाया और वहां से उन्हें चेतावनी देते हुए भगा दिया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने उपस्थित स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे अपने आस पास, रिश्तेदारों सभी को सूचित कर दे कि यदि उनके यहां कोई स्मार्ट मीटर लगाने आए तो बिना उनकी अनुमति के नहीं खाने दिया जाए। मनोज सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए आमजनता से मनमाना बिल वसूलकर लूट खसोट करना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की जेब पर डाका डालने वाली इस नीति का कार्यकर्ता डटकर विरोध करेंगे।
अमित गुप्ता ने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत करनी है तो पहले भाजपा विधायक के घर और कार्यालय के अलावा महापौर और भाजपा पार्षदों के घर लगाएं जाएं। आपको बताते चलें कि बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचने के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा घर घर स्मार्ट मीटर लगाने की योजना चल रही है जिसका पूरे प्रदेश में भारी विरोध चल रहा है। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं का बिजली का बिल बढ़ रहा है जिससे उपभोक्ताओं में भारी रोष भी देखा जा रहा है।