न्यूज 127.
गुरुकुल कांगडी सम विश्वविद्यालय में कुलाधिपति की नियुक्ति को लेकर पैदा हुआ विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को आर्य प्रतिनिधि सभा के सदस्य विनय शर्मा और डॉ राजेंद्र के आने पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद आज एक आम बैठक बुलायी गई।
इस बैठक में कर्मचारी संघ के अलावा रिटायर्ड कर्मचारियों, प्रोफेसर और गुरुकुल से जुड़े अन्य लोगों को भी बुलाया गया। कांग्रेस नेता वरूण बालियान भी इस बैठक में मौजूद रहे। बैठक में तय हुआ की एक संघर्ष समिति का गठन किया जाए, जिसमें सभी की भागेदारी की जाए।

इस बैठक में वक्ताओं ने कहाकि गुरुकुल को खत्म नहीं होने दिया जाएगा। संस्थाएं संपत्ति खुर्दबुर्द करने की जो साजिश रच रही हैं उन्हें कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। असंवैधानिक तरीके से जो कुलाधिपति की नियुक्ति की जा रही है उसका विरोध जारी रहेगा।
कर्मचारियों का कहना है कि यह उनके भविष्य का सवाल है, इस मुद्दे पर जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारियों नेताओं ने कहा कि अपने हक के लिए हमें एकजुटता दिखानी होगी।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रजनीश ने कहा कि हमें एकजुटता के साथ गुरुकुल विरोधी ताकतों का सामना करना होगा। इसके लिए हर लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी। बैठक में कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने कहा कि वह और उनकी पार्टी गुरुकुल कर्मचारियों के साथ खड़ा है। वह उनके हर संघर्ष में साथ रहेंगे।