गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में कुलसचिव को कार्यालय में घुसने से रोका, हंगामा




Listen to this article

न्यूज 127.
गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय, हरिद्वार में कुलसचिव पद को लेकर चल रहा विवाद 36 दिनों बाद भी शांत नहीं हुआ है। आज कुलसचिव सुनील कुमार कार्यालय पहुंचे, लेकिन शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालय में घुसने से रोक दिया। इस दौरान मौके पर तनाव बना रहा।

गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में रेगुलेशन 2023 लागू किये जाने की मांग को लेकर कर्मचारी धरना दे रहे हैं। प्रायोजक संस्थाओं द्वारा नामित किये गए कुलाधिपति, कुलपति और कुलसचिव का विरोध किया जा रहा है। कर्मचारी यूजीसी रेगुलेशन 2023 लागू करने की मांग कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर 30 जुलाई से शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ विरोध में अनिश्चितकालीन धरना दे रहा है, जो अब असहयोग आंदोलन में बदल चुका है।

बुधवार को कुलसचिव सुनील कुमार अपने कार्यालय में कार्य करने के लिए पहुंचे तो धरना दे रहे कर्मचारियों ने नारेबाजी कर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। कर्मचारियों के विरोध के चलते सुनील कुमार अपने कार्यालय में नहीं जा सके, इस दौरान कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए वह वापस चले गए। सुनील कुमार का कहना है कि वे रोज कर्मचारियों से संवाद कर विवाद खत्म करने की कोशिश करेंगे। वहीं कर्मचारी संघ अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज का आरोप है कि सुनील कुमार की नियुक्ति अवैध है, मामला कोर्ट में लंबित है और उनके पास कोई वैध लिखित आदेश भी नहीं है।

गुरुकुल पहुंचा पुलिस फोर्स
गुरुकुल में कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन और कुलसचिव सुनील कुमार को कार्यालय में घुसने से रोके जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना पर थाना कनखल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कनखल थाना प्रभारी चंद्रमोहन सिंह स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। मोके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विरोध कर रहे कर्मचारियों से वार्ता कर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे वार्ता के दौरान जो भी सहमति बनायी जाती है उसे पूरा नहीं किया जाता। मामला कोर्ट में विचाराधीन है, ऐसे में जबरन कार्यालय में घुसने की कार्रवाई अवैध है।