नगर आयुक्त नंदन कुमार की संजीदगी के चलते जलभराव की समस्या से जनता को राहत




Listen to this article


न्यूज127
हरिद्वार नगर निगम की मुस्तैदी के चलते जलभराव का संकट टल गया। नगर निगम प्रशासन की टीम सुबह सबेरे करीब 5:00 बजे से हरिद्वार में तेज बारिश के शुरू होते ही जलभराव की संभावनाओं को देखते हुए मौके पर पहुंच गई। नगर निगम प्रशासन की टीम ने जलनिकासी की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया। जिसके चलते हरिद्वार के नागरिकों को जलभराव से राहत मिली।


विदित हो कि हरिद्वार नगर आयुक्त नंदन कुमार जनमानस की समस्याओं के प्रति बेहद संजीदा है। हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मानसून के चलते संभावित जलभराव क्षेत्रों की पहचान करा ली गई। इनमें प्रमुख रूप से भगत सिंह चौक, संदेश नगर तथा पुराना आरटीओ चौक शामिल हैं। इन क्षेत्रों में पहले से ही पंप, सफाई दल और सक्षम मशीनें तैनात कराई हुई है। इसी के चलते बरसाती सीजन में नगर निगम की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और जल निकासी का कार्य आरंभ कर दिया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई
बारिश के दौरान भगत सिंह चौक पर मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, संदेश नगर में निरीक्षक श्रीकांत, तथा पुराना आरटीओ चौक पर निरीक्षक मनोज कुमार स्वयं उपस्थित रहे। इन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जलनिकासी कार्यों की निगरानी की और आवश्यकतानुसार पंपिंग व्यवस्था को क्रियाशील बनाए रखा। निगम की विशेष नाला गैंग ने भी बारिश के दौरान नालों की सफाई कार्य को जारी रखा, जिससे जलजमाव की स्थिति अधिक देर तक नहीं बनी। निगम की सक्षम मशीनें भी लगातार सक्रिय रहीं।

वरिष्ठ अधिकारियों का निरीक्षण
नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने सुबह स्वयं फील्ड पर पहुंचकर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
वहीं, नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने विभिन्न स्थानों का दौरा कर जलनिकासी कार्यों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दीर्घकालिक समाधान की ओर कदम
नगर निगम ने बारिश के दौरान ही यह संकेत दिया कि वह केवल तात्कालिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहता। निगम की ओर से बताया गया कि शहर के जलभराव समाधान के लिए एक दीर्घकालिक योजना तैयार की जा रही है। इसमें प्रमुख क्षेत्रों की स्मार्ट ड्रेनेज मैपिंग, नालों का आधुनिकीकरण, तथा रैपिड रिस्पॉन्स टीम की तैनाती जैसे बिंदु शामिल हैं। विशेष रूप से भगत सिंह चौक जैसे स्थलों के लिए बनाई गई त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने आज प्रभावी भूमिका निभाई।

पूर्व सफाई अभियान का मिला लाभ
नगर निगम ने इस वर्ष मानसून पूर्व तीन चरणों में नालों और तलाई झाड़ की सफाई की थी। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव आज की बारिश में देखने को मिला, जहाँ सामान्यतः जलभराव से ग्रसित रहने वाले क्षेत्रों में भी अपेक्षाकृत कम पानी जमा हुआ।
नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की तत्परता की सराहना की। संदेश नगर निवासी सौरभ सारस्वत ने कहा कि “हर साल इसी बारिश में सड़कें तालाब बन जाती थीं, लेकिन इस बार हालात नियंत्रण में रहे, निगम की टीम समय पर पहुँचकर अच्छा कार्य कर रही है।”