156.48 लाख की परियोजना से होगा पहाड़ी क्षेत्र का संरक्षण, भक्तों की यात्रा होगी और अधिक सुरक्षित
हरिद्वार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से मां मनसा देवी मंदिर की पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण एवं पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण कार्यों को आखिरकार भारत सरकार की मंजूरी मिल गई है। इससे न केवल क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण होगा, बल्कि मां के भक्तों की यात्रा भी अब और अधिक सुगम और सुरक्षित बन सकेगी।
ज्ञातव्य है कि हाल के वर्षों में हुई लगातार वर्षा और भूस्खलन के कारण मनसा देवी पैदल मार्ग कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया था। जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति मांगी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप बोर्ड की 85वीं बैठक में राजाजी नेशनल पार्क रिज़र्व वन क्षेत्र में कार्यों की अनुमति प्रदान कर दी गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि इस परियोजना के तहत 156.48 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मनसा देवी पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण और हिल ट्रीटमेंट कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।
डीएम दीक्षित ने कहा कि मां मनसा देवी हरिद्वार की पहचान हैं। उनके दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पहाड़ी क्षेत्र का संरक्षण और कटाव रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता ने बताया कि मनसा देवी के क्षतिग्रस्त मार्ग पर हिल ट्रीटमेंट और मरम्मत कार्य आरंभ कर दिए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद न केवल पहाड़ी की स्थिरता बढ़ेगी, बल्कि भूस्खलन की आशंका भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व मां मनसा देवी मंदिर के अध्यक्ष महंत श्री रविंद्र पुरी जी महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अथक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने एक बार फिर धार्मिक पर्यटन और आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। युवा मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के चलते ही इस कार्य सफल हो रहा है। जिससे जनता को सुरक्षा प्रदान होगी।





