ऋषिकेश में प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह, एम्स कर्मी महिला की गोली मारकर हत्या








Listen to this article

ऋषिकेश।
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के शिवाजी नगर में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब किराये के मकान में रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और शिवाजी नगर, गली नंबर-11 में अकेले रहती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जनवरी की रात्रि को कोतवाली ऋषिकेश को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने महिला को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां महिला मृत अवस्था में मिली। घटना के संबंध में मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी, जिसमें सुरेश गुप्ता पर उनकी पुत्री की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में सामने आया कि प्रीति रावत का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों के बीच परिचय बढ़ा और धीरे-धीरे प्रेम-संबंध स्थापित हो गए। इस संबंध की जानकारी सुरेश गुप्ता के परिवार को होने पर उसके और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे। स्थानीय लोगों ने कई बार समझौते का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि प्रीति से विवाह करने के लिए सुरेश गुप्ता ने करीब चार माह पूर्व आपसी सहमति से अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। इसके बाद प्रीति और उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात कही गई, जिस पर सुरेश गुप्ता ने लक्सर, हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक संपत्ति लगभग 35 लाख रुपये में बेच दी। हालांकि, उक्त राशि में ऋषिकेश में उपयुक्त मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया, जिससे अभियुक्त अवसाद में चला गया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग, तलाक, संपत्ति बिक्री और लगातार बढ़ते मनमुटाव के चलते अभियुक्त द्वारा घटना को अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस द्वारा मामले की गहन विवेचना करते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एसएसपी अजय सिंह खुद मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी हासिल की है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।