केंद्रीय बजट में तीन नए एम्स का ऐलान: डॉ. धन सिंह रावत








Listen to this article

देहरादून
उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय बजट 2026-27 को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इस बजट में जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश में तीन नए एम्स, दो राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों तथा एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल संस्थानों की स्थापना का प्रावधान किया गया है, जिससे चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा को भी व्यापक विस्तार मिलेगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बजट में मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में पाँच क्षेत्रीय मेडिकल हब विकसित किए जाएंगे। ये मेडिकल हब अत्याधुनिक अस्पतालों, चिकित्सा शिक्षा एवं शोध सुविधाओं से युक्त इंटीग्रेटेड हेल्थ सेंटर्स के रूप में कार्य करेंगे, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि डायबिटीज, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के लिए बायोफार्मा शक्ति योजना की घोषणा की गई है। इस योजना के अंतर्गत देश में बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाओं के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे दवा उत्पादन में वृद्धि होगी और आयात पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रीय बजट के अनुरूप राज्य स्तर पर ठोस एवं व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार किए जाएँ, ताकि उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और फार्मा क्षेत्र को नई दिशा मिल सके।