नैनीताल पुलिस का ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’, अवैध असलाह के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार








Listen to this article


नैनीताल।
जनपद में अपराध और अराजक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई सघन कार्रवाई में एक अभियुक्त को 2 तमंचों और 17 अवैध कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर
जनपद को अपराधमुक्त बनाने तथा जनता को भयमुक्त वातावरण देने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध तमंचे रखे हुए है और परिजनों को धमकाकर विवाद करता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान, निवासी गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा, के घर से 01 तमंचा 315 बोर, 02 कारतूस 315 बोर, 01 तमंचा 12 बोर, 04 कारतूस 12 बोर, 01 कारतूस 7.62 बोर तथा एक डिब्बे में रखे 10 कारतूस 7.65 बोर बरामद किए गए। बरामदगी के बाद अभियुक्त को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध बनभूलपुरा थाने में धारा 3/25 एवं 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में थाना मुखानी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है, जिसमें उसे सात वर्ष की सजा हो चुकी है और मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2023 में शिक्षा विभाग से बर्खास्त भी किया गया था।
पुलिस अब बरामद असलाह के स्रोत और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या स्थानीय थाने को दें। अधिकारियों का कहना है कि जनसहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।