नवीन चौहान
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद को लेकर दिल्ली हाईकमान की कोर कमेटी की बैठक में रस्साकसी जारी है। आगामी दो घंटे बेहद ही गहमागहमी के है। असंतुष्ट विधायक मुख्यमंत्री बदलने को लेकर मोर्चा खोल कर बैठे है। जबकि हाईकमान असंतुष्ट विधायकों की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास कर रहा है। संभावना है कि कुमाऊं से दो विधायकों को मंत्री मंडल में शामिल किया जा सकता है। कुछ विधायकों के मंत्रीमंडल में फेरबदल होने की संभावना है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल विधायक की जुगलबंदी क्या गुल खिलायेगी।
बताते चले कि बीते दिनों एक सर्वे के बाद उत्तराखंड में भाजपा की हालत नाजुक दिखाई दी थी। सर्वे के अनुसार उत्तराखंड में भाजपा सरकार उनके हाथों से निकलने की रिपोर्ट मिली। हालांकि उस सर्वे पर यकीन करना संभव नही था। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर ही केंद्रीय परिवेक्षक पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम देहरादून पहुंचे थे। देहरादून में उन्होंने विधायकों का मन टटोला। तमाम जानकारी जुटाई। तो एक ही बात निकलकर आई कि सीएम का चेहरा बदला जाए। जिसके बाद परिवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा और गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष प्रस्तुत की। इस रिपोर्ट और भाजपा के असंतुष्ट विधायकों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को दिल्ली बुलाया गया। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व तमाम बड़े नेताओं की बैठक जारी है। ऐसे में देखना होगा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इस अग्नि परीक्षा से पास होकर निकलेंगे। वैसे सतपाल महाराज, अजय भटट, अनिल बलूनी, सुरेश भटट, धन सिंह रावत मुख्यमंत्री पद की कुर्सी की उम्मीद में है। ऐसे में सबसे बड़ी बात यह है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए सतपाल महाराज के नाम पर भाजपा के नेताओं में मतभेद दिखाई देंगे। जबकि असंतुष्ट विधायकों को साधने का सबसे सरल फार्मूला तीन मंत्रीपद का विस्तार करना ही है। अगर हाईकमान ने सीएम का चेहरा बदला तो कांग्रेस को चुनावी मुददा मिल जायेगा और भाजपा को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। हालांकि चेहरा बदलने की संभावना काफी कम है।ऐसे में अगर सरकार के चार साल पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री का चेहरा बदला गया तो राजनीति में ईमानदारी पर सियायत भारी पड़ेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद को लेकर रस्साकसी, बदलेगा सीएम या मिलेंगे नए मंत्री



