मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की दी शुभकामनाएं




Listen to this article


नवीन चौहान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने समस्त पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 30 मई 1826 में प्रकाशित उदन्त मार्तण्ड से प्रारभ होकर हिंदी पत्रकारिता ने कई उतार चढ़ाव देखे। पत्रकारिता किसी भी भाषा में हो परन्तु राष्ट्रीय मूल्य व राष्ट्रचेतना ही पत्रकारिता का मूल उद्देश्य होना चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पत्रकारों ने अपनी लेखनी से जनजागरण के साथ भारत को एक राष्ट्र के रुप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। लोगों के मन में राष्ट्रीय चेतना के भाव का विस्तार किया। देश के आजाद होने के बाद आज चौथे स्तम्भ के रुप में पत्रकारिता को देखा जाता है।
पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने 30 मई 1826 को कलकत्ता से एक साप्ताहिक समाचार पत्र का प्रकाशन करके हिंदी पत्रकारिता की शुरुवात की। इस तारीख से पहले अंग्रेजी, फारसी व बंगला में अनेक समाचार पत्रों का प्रकाशन होता था। परन्तु हिन्दी में एक भी समाचार पत्र नहीं निकलता था। इसी बात के मद्देनजर जुगल किशोर ने उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन शुरु किया। पंडित जुगल किशोर मूल रुप से कानपुर के रहने वाले थे। जो एक वकील होने के साथ पत्रकारिता से भी जुड़े थे। अंग्रेजी शासन के दौरान हिन्दुस्तानियों की हक की बात करना सरकार को चुनौती देने के समान था। परन्तु पंडित जुगल किशोर इस चुनौती को अपने साहसिक प्रयोग के रुप में स्वीकार किया। स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न भाषाओं में निकले पत्रिकाओं व समाचार पत्रों ने राष्ट्र की परिकल्पना को सम्बल प्रदान किया। वर्तमान में लोकतंत्र के तीनों स्तम्भ एक दूसरे पर नियंत्रण रखते है। परन्तु इनमें पारदर्शिता लाने का काम चौथे स्तम्भ के रुप में पत्रकारिता करती है। राष्ट्रवादी पत्रकारिता की जिम्मेदारी वर्तमान परिस्थितियों और ज्यादा है। आज के दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता व संप्रभुता को ध्यान में रखकर उसे पत्रकारिता की मूल अवधारणा में स्थापित करने की आवश्यकता है। जिससे राष्ट्रवाद की भावना को हम देश के प्रत्येक व्यक्ति के भीतर समाहित कर सके। पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों साथियों व मीडिया कर्मियों को बधाई देता हूं। कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के साथ अपना व अपने परिवार की सुरक्षा करते हुए कवरेज करें।