मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम पर धोखाधड़ी, मुख्य आरोपी ट्रस्ट का ही कर्मचारी




Listen to this article

नवीन चौहान.
मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए अवैध रूप से चंदा इकटठा करने का मामला सामने आया है। यह धोखाधड़ी मां मनसा देवी मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट बनाकर की गई है। कूटरचना कर ट्रस्ट बनाने वाले नौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी ट्रस्ट का कर्मचारी ही बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा के मुताबिक ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी हैं। आरोप है कि मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के नाम व राजाजी टाइगर रिजर्व हरिद्वार के पते का प्रयोग कर मां मनसा देवी ट्रस्ट के नाम से मिलते मां मनसा देवी मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट का पंजीकरण कराया गया है। यह पंजीकरण 16 फरवरी 2021 में सब रजिस्ट्रार कार्यालय हरिद्वार में कराया गया।

फर्जी ट्रस्ट बनाकर सुरेश तिवारी अध्यक्ष बने और सचिव वासु सिंह को बनाया गया। आरोप है कि मनसा देवी मंदिर के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए श्रद्धालुओं से दान एकत्र करने की नियत से ये सब किया गया है।

शहर कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत के मुताबिक तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बताया गया कि मुख्य आरोपी सुरेश तिवारी मनसा देवी मंदिर का कर्मचारी है।