न्यूज 127.
वन विकास निगम के खाते से 14 लाख रुपये से अधिक की ठगी की घटना का खुलासा किया है। दून पुलिस ने साइबर ठगी के इस बड़े मामले में सहारनपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वन विकास निगम, देहरादून के खाते से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 14 लाख से अधिक की धनराशि अन्य खाते में ट्रांसफर कराई थी।
पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी 2025 को कोतवाली पटेलनगर में पंजाब नेशनल बैंक, शिमला बाईपास रोड शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अनिल नेगी ने तहरीर दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने जालसाजी कर निगम के खाते से 14,03,596 रुपये गुड्डु कुमार नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान साक्ष्य जुटाने पर घटना का मास्टरमाइंड मंयक भारद्वाज (27 वर्ष), पुत्र संजय भारद्वाज, निवासी मधुरदास शिव मंदिर, बेहट रोड, जिला सहारनपुर सामने आया। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और लगातार गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और 4 सितम्बर 2025 को सहारनपुर से मंयक भारद्वाज को दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लोगों को विभिन्न बैंकों से लोन दिलाने का काम करता था। उसने वन विकास निगम का फर्जी लेटर तैयार कर उसे आधार बनाते हुए खाते से रकम ट्रांसफर कराई थी।
वन विकास निगम के खाते से 14 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार




