न्यूज 127. हरिद्वार।
हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में देर रात अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार एचपीएम इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की इस यूनिट में पंखों से जुड़े उपकरण तैयार किए जाते हैं।
आग लगने की घटना सामने आते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटें तथा धुएं का गुबार दूर तक दिखायी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। रानीपुर पुलिस चौकी की टीम ने भी तत्काल पहुंचकर स्थिति को संभाला। दमकल कर्मियों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाया।
इस दौरान फैक्ट्री परिसर में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे कंपनी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग




