जगजीतपुर में शत्रु संपत्ति पर अवैध कटान, आरोपी गिरफ्तार








Listen to this article


हरिद्वार।
कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर में शत्रु संपत्ति पर अवैध रूप से पेड़ काटे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। राजस्व विभाग और भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। राजस्व उपनिरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में राजस्व उपनिरीक्षक रविकांत ने बताया कि जगजीतपुर स्थित खसरा संख्या 293म, रकबा 0.7680 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में शकूर पुत्र खुदाबख्श निवासी जगजीतपुर, वर्तमान पता पाकिस्तान के नाम दर्ज है, जो शत्रु संपत्ति की श्रेणी में आती है।
बताया गया कि 17 दिसंबर को शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय से आए अधिकारियों ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संजू निवासी अजीतपुर, थाना कनखल को एक यूकेलिप्टस और एक पॉपलर का पेड़ अवैध रूप से काटते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में संजू ने खुलासा किया कि उसे यह कार्य सन्नी नामक व्यक्ति ने ठेके पर दिया था, जो उक्त शत्रु संपत्ति की भूमि पर अवैध रूप से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अवैध झोपड़ी को हटवाया गया और कटे हुए दोनों पेड़ों को कब्जे में ले लिया गया।
शुक्रवार को राजस्व उपनिरीक्षक द्वारा थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर थाना कनखल में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।