महिला की अश्लील फोटो, वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार








Listen to this article

उत्तरकाशी।
महिला की अश्लील फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के गंभीर मामले में बडकोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला महिला की अस्मिता से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए प्राथमिकता पर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, बीते 12 फरवरी को एक महिला ने कोतवाली बडकोट में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि घनसाली (टिहरी) निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे जान-पहचान बढ़ाई और बाद में उसकी अश्लील फोटो एवं वीडियो बनाकर लगातार प्रसारित करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने और सामग्री हटाने को कहने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 77, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(c), 66(e) और 67(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में बडकोट पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी सर्विलांस और पतारसी-सुरागरसी के आधार पर आरोपी मंजीत (25 वर्ष) को जनकपुरी, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को 17 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
प्रभारी निरीक्षक बडकोट सुभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत
हे0कानि0 रघुवीर सिंह (एसओजी), कानि0 प्रवीन सिंह नेगी