हरिद्वार।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर युवा पीढ़ी किस तरह बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती है, इसका उदाहरण आर्यन कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया है। सेवा भारती की जिला मंत्री हरिद्वार सरिता सिंह के सुपुत्र आर्यन कुमार सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 104वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
आर्यन कुमार सिंह की इस शानदार सफलता से सामाजिक संगठनों, क्षेत्रवासियों और युवाओं में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, निरंतर प्रयास और मजबूत संकल्प का परिणाम बताया जा रहा है। देश की सबसे प्रतिष्ठित मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा में 104वीं रैंक प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
आर्यन की इस सफलता पर उनके माता-पिता सहित परिजनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल परिवार के लिए गर्व का विषय है बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए भी सम्मान की बात है। उनकी इस कामयाबी से प्रदेश के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर आर्यन कुमार सिंह को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही विश्वास जताया गया कि वे भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहकर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश और समाज की सेवा करेंगे।
आर्यन की इस सफलता पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड का सम्मान बढ़ाया है, जिसके लिए वे बधाई और प्रशंसा के पात्र हैं।
हरिद्वार सेवा भारती की जिला मंत्री के सुपुत्र आर्यन कुमार सिंह बने आईएएस अफसर




