धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल के अथर्व चौहान ने रचा इतिहास




Listen to this article


68वीं नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, इंडिया टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई
हरिद्वार
धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल, ज्वालापुर के छात्र अथर्व चौहान (कक्षा IX) ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। अथर्व ने 18 दिसंबर 2025 को भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए 601 अंक अर्जित किए और 580 के क्वालीफाइंग स्कोर को पार कर इंडिया टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। अब अथर्व आगामी एक माह बाद दिल्ली में आयोजित होने वाले इंडिया टीम ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कम उम्र में राष्ट्रीय मंच पर यह उपलब्धि अथर्व की
कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है। इस सफलता के पीछे उनके कोच योगेंद्र यादव (देवभूमि शूटिंग ट्रेनिंग एकेडमी) का कुशल मार्गदर्शन और सतत प्रशिक्षण अहम भूमिका में रहा, जिनके निर्देशन में अथर्व ने अपनी तकनीक और आत्मविश्वास को मजबूत किया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए अथर्व को हार्दिक बधाई दी है।
विद्यालय के डायरेक्टर मुकुल चौहान ने कहा कि अथर्व की यह उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उनकी प्रतिभा और समर्पण प्रशंसनीय है। यह सफलता साबित करती है कि निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। हमें पूर्ण विश्वास है कि अथर्व भविष्य में और भी ऊँचाइयाँ छूकर देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रिंसिपल श्रीमती साधना भाटिया ने कहा कि अथर्व की इस शानदार सफलता ने विद्यालय के प्रत्येक सदस्य को प्रेरित किया है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि जब विद्यार्थी अपने सपनों के पीछे पूरी लगन से चलते हैं, तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय अथर्व के हर कदम पर उनके साथ खड़ा है और हम सभी मिलकर भविष्य के चैंपियंस तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।