देहरादून/उत्तरकाशी।
संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उत्तराखंड के होनहार युवा आयुष सेमवाल ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। आयुष की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
आयुष सेमवाल, उत्तरकाशी के पूर्व मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) तथा वर्तमान में उप निदेशक उद्यान के पद पर कार्यरत एस.एल. सेमवाल के ज्येष्ठ सुपुत्र हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर स्वाध्याय के बल पर देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल सिविल सेवा परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है।
आयुष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून स्थित ब्राइटलैंड स्कूल से प्राप्त की तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा भी यहीं से उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और उसी दिशा में लगातार मेहनत करते हुए अंततः सफलता हासिल की।
आयुष की इस सफलता से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सामाजिक व प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
लोगों का कहना है कि आयुष सेमवाल की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। इससे यह संदेश मिलता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए समर्पण व कड़ी मेहनत की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।
उत्तराखंड के आयुष सेमवाल ने यूपीएससी परीक्षा की उत्तीर्ण, बढ़ाया प्रदेश का मान




