उत्तरकाशी के बंशी लाल राणा आईएएस कैडर में पदोन्नत








Listen to this article

देहरादून/उत्तरकाशी।
उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और जनपद उत्तरकाशी के डुंडा निवासी बंशी लाल राणा को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत किया गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तराखंड राज्य सिविल सेवा की वर्ष 2022 की चयन सूची के तहत उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति प्रदान की गई है।
बंशी लाल राणा वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। लंबे समय से प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे राणा को उनकी कार्यकुशलता, अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के आधार पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी पदोन्नति की खबर सामने आते ही प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बंशी लाल राणा को भारतीय प्रशासनिक सेवा, उत्तराखंड कैडर में प्रोबेशन पर नियुक्त किया गया है। अब वे प्रदेश में आईएएस अधिकारी के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाएंगे।
उत्तरकाशी जिले के डुंडा क्षेत्र से आने वाले बंशी लाल राणा अपने सौम्य, सरल और सहज स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने विभिन्न विभागों और जिलों में कार्य करते हुए शासन-प्रशासन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्यकाल के दौरान कई योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल उत्तरकाशी बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरव की अनुभूति हो रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बंशी लाल राणा के आईएएस बनने पर क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।