न्यूज 127.
कोटद्वार में चल रहे विवाद के बीच दीपक कुमार के समर्थन में जा रहे भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह और उनके समर्थकों को पुलिस ने हरिद्वार में ही चंडीघाट चौकी पर रोक दिया। कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे लेकिन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उन्हें रोक दिया। जिससे मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बातचीत विफल होने के बाद पुलिस ने महक सिंह सहित कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रोशनाबाद भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह अपने समर्थकों के साथ कोटद्वार रवाना हुए थे। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही चंडीघाट चौकी पर घेराबंदी की गई। हालात संभालने के लिए सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह और इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए महक सिंह और उनके कुछ समर्थकों को पुलिस वाहन में बैठाकर रोशनाबाद ले जाया। चंडीघाट पर रोके जाने के बाद भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज को दबाने के लिए एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। महक सिंह का आरोप था कि दीपक कुमार को समर्थन देना उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार के दबाव में पुलिस लोकतांत्रिक आवाजों को कुचलने का काम कर रही है।
कोटद्वार जा रहे भीम आर्मी के सदस्यों को चंडीघाट पर रोका







