रात को पति के साथ मिलकर काटा जन्मदिन का केक, सुबह पंखे पर लटका मिला पत्नी का शव




Listen to this article

नवीन चौहान.
एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर में पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि रात में महिला ने अपने जन्मदिन का केक पति और परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर काटा था। सुबह उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

यह घटना नोएडा सेक्टर-119 स्थित एल्डिको आमंत्रण सोसाइटी की है। थाना पुलिस के मुताबिक एल्डिको आमंत्रण सोसाइटी में 35 वर्षीय सोनम सिंह पति उत्तम कुमार के साथ रहती थी। उनके पति एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। दोनों का दस साल का एक बेटा है।

पुलिस के मुताबिक सोनम सिंह का शुक्रवार को जन्मदिन था। इस दौरान पूरे परिवार ने गुरुवार रात 12 बजे केट काटकर उसका जन्मदिन मनाया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सोनम और उसके ​पति की किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। हालांकि कुछ देर बाद दोनों के बीच मामला शांत हो गया।

रात में सोने के लिए पत्नी दूसरे कमरे में चली गई। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आयी तब पति ने आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं दिखी। जिसके बाद पति ने किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर उसकी पत्नी का शव पंखे से फंदे पर लटका था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल सकेगा।