भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया हरिद्वार की सीटों पर ये बड़ा दावा, कहा सभी सीटों पर दर्ज होगी ऐतिहासिक जीत




Listen to this article

नवीन चौहान.
कांग्रेस भले ही दावा कर रही हो कि इस बार प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा लेकिन भाजपा का दावा है ​कि प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनेगी। इसी क्रम में अब भाजपा मतदान के बाद सभी सीटों पर समीक्षा कर रही है। समीक्षा के बाद भाजपा पूरी तरह जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रही है।

जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभा सीटों पर भी भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह चौहान ने समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ चुनाव में पार्टी के पक्ष में मतदान कराने के लिए काम किया है। जिससे भाजपा जनपद में सबसे अधिक सीटें जीतेगी।

लक्सर रोड जगजीतपुर स्थित कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने बैठक करते हुए जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर हुए मतदान की समीक्षा की। इस बैठक में जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने मंडल अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, संयोजकों व पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ताओं से मतदान का फीड बैक लिया।

सभी से फीड़बैक लेने के बाद जिलाध्यक्ष ने कहा कि कहा कि जो रिपोर्ट सामने आ रही है उसके आधार पर कहा जा सकता है कि भाजपा सभी सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने सभी सीटों पर जीत का आधार बताते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को मतदाताओं की ओर से सराहा गया है, यही चुनाव में भाजपा की जीत का बहुत बड़ा कारण होगा।