न्यूज 127.
हरिद्वार में भाजपा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर शौर्य सम्मान यात्रा निकाल रही है। इसके लिए भाजपा ने 100 फिट लम्बा तिरंगा तैयार किया है। इसी तिरंगे के साथ शहर में कुछ ही देर बाद यह शौर्य सम्मान यात्रा शुरू हो जाएगी।

हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर हम सब गौरवान्वित हैं। भारत की तीनों सेनाओ ने जो पराक्रम दिखाया है यह हम सबके लिए गौरव के क्षण है। जिस प्रकार भारतीय सेना ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकी ठिकानों को तबाह किया है वह पूरी दुनिया ने देखा है। यह आज का नया भारत है पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर तक अंदर जाकर आतंकी ठिकानों को नेस्तानाबूत कर हमारी भारतीय सेना ने शौर्य और पराक्रम की नई गाथा लिखी है और पाकिस्तान जैसे देश को भारत की ताकत का एहसास भी करा दिया है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि माया देवी पार्किंग से शुरू होकर हर की पौड़ी तक जाने वाली तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मानित नागरिक प्रतिभाग करे।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भारत की सेनाओं ने आतंकवाद व आतंकवाद का पोषण करने वाले आताताईयोंं के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम देकर भारतीय नारी की अस्मिता पर चोट पहुंचाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। भारतीय सेना ने दुश्मन के घर में घुसकर उसके सीने पर वार किया है और एक बार फिर यह साबित किया है कि भारत की सेना अपने देश की सीमाओं एवं नागरिकों की रक्षा करने में सक्षम है।




