हरिद्वार।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्मदिन शनिवार को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पंचपुरी ऑटो रिक्शा महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में बस अड्डा हरिद्वार स्थित महासंघ कार्यालय पर एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर रक्तदान किया और मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं केक काटकर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सौहार्द और सेवा भावना का वातावरण देखने को मिला।

महापौर किरण जैसल ने गिनाईं विकास उपलब्धियां
महापौर किरण जैसल ने कहा कि सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने राजनीतिक जीवन में समूचे उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए निरंतर और अथक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान हरिद्वार में अनेक ऐतिहासिक विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार हुई। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उनके योगदान को जनता आज भी याद करती है। वे सदैव जनता की आवाज बनकर विधानसभा और संसद में क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं।
विकास तिवारी बोले— जनकेंद्रित सोच के प्रतीक हैं त्रिवेंद्र सिंह रावत
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का समर्पण, दूरदर्शिता और जन-केंद्रित दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में भूमिगत बिजली लाइन, घर-घर रसोई गैस और रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण सौगातें उनके प्रयासों से ही मिलीं, जिनसे आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने ईश्वर से कामना की कि सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन प्राप्त हो, ताकि वे आगे भी इसी ऊर्जा के साथ जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में योगदान देते रहें।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
रक्तदान शिविर में भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष तरुण नैयर, मंडल महामंत्री देवेश ममगई, राजू मनोचा, कपिल विश्नोई, नवीन तेश्वर, सत्यनारायण शर्मा, संजीव चतुर्वेदी, प्रेम कुमार, परमिंदर पंडित, रवि शर्मा, प्रदीप त्यागी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा के माध्यम से जन्मदिन मनाने की मिसाल
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्मदिन रक्तदान जैसे पुण्य कार्य के माध्यम से मनाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया कि सेवा ही सच्चा उत्सव है। यह आयोजन जनसेवा, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।



