मदरसे में फटा बम, गेंद समझ कर खेल रहा था छात्र




Listen to this article

न्यूज 127.
मदरसे में एक बम फटने से मौलाना और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी सामने आने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि छात्र गेंद समझ कर बम से खेल रहा था, मौलाना ने उसे फेंकने का प्रयास किया और इसी दौरान वह फट गया।

घटना बिहार में छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र के मोतिराजपुर गांव स्थित एक मदरसे में हुई। धमाके की गूंज आसपास के इलाके में भी सुनी गई। स्थानीय लोगों ने मौलाना और घायल छात्र को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मौलाना का नाम इमामुद्दीन और 15 वर्षीय छात्र का नाम नूर आलम बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मदरसा में रह कर पढ़ाई कर रहे नूर आलम ने मदरसा के पीछे गेंद जैसे दिख रहे बम को हाथ में उठा लिया और अंदर आ गया। मौलाना ने यह देखा तो उसके हाथ से बम लेकर उसे बाहर फेंकने लगे, इसी दौरान वह नीचे गिर गया और फट गया। इस घटना में नूर आलम का पैर और मौलाना का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है।

बुधवार रात घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस बम ब्लास्ट की पुष्टि सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला के द्वारा की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया बम पटाखा फैक्ट्री का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।