युवती की निर्मम हत्या, प्रेम प्रसंग में विवाद बना वजह; आरोपी गिरफ्तार








Listen to this article

देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्ततम पलटन बाजार में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सरेआम एक 23 वर्षीय युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक युवती की पहचान गुंजन (23 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक ने अचानक युवती पर हमला कर दिया और चापड़ से गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक आकाश को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवती और आरोपी युवक के बीच पूर्व में प्रेम संबंध थे, लेकिन बीते कुछ समय से दोनों के बीच आपसी संबंधों में तनाव चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आपसी विवाद के चलते ही आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है। युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद पलटन बाजार क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।