बसपा कार्यकर्ताओं के बीच घमासान, जिलाध्यक्ष पर लगाए ये आरोप




Listen to this article

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में बसपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। बसपा कार्यकर्ता दो गुटों में बंट गए जिसके बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने सामने आ गए। कार्यकर्ता महावीर चौक से हंगामा करते हुए बसपा कार्यालय पहुंचे और वहां मुख्य कोऑर्डिनेटर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी के पोस्टर जलाए। इस दौरान एक गुट ने जिला अध्यक्ष को भी हटाने की मांग की।
रविवार को बसपा पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी महावीर चौक से इकट्ठा होकर प्रदर्शन करते हुए बसपा कार्यालय पहुंचे जहां पर उन्होंने बसपा के मुख्य कोऑर्डिनेटर नरेश गौतम व पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी समसुदीन राइन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिलाध्यक्ष कमल गौतम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। जब यह सब हंगामा हो रहा था तब जिलाध्यक्ष कमल गौतम पार्टी कार्यालय पर ही मौजूद थे। इस दौरानों दोनों गुटों के बीच जमकर बहस हुई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिलाध्यक्ष गांव गांव जाकर पैसों की वसूली कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ऐसे लोग पार्टी में गुटबाजी को हवा देते हैं जिस कारण पार्टी को भारी नुकसान पहुंच रहा है। वहीं दूसरी ओर जिलाध्यक्ष ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया।