हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में एक बार फिर गोलीकांड से सनसनी फैल गई है। देर शाम दो छात्रों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान विनायक चौधरी (17 वर्ष) पुत्र कमलदीप, निवासी अकोढ़ा कला, लक्सर के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पहले लक्सर स्थित होली क्रॉस स्कूल के पास किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया और बाद में के.वी. इंटर कॉलेज के पीछे दोबारा दोनों आमने-सामने आ गए।
इसी दौरान एक छात्र ने तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें विनायक चौधरी को गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया। फिलहाल आरोपी की पहचान को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घायल के परिजनों से पूछताछ का प्रयास कर रही है, हालांकि सदमे की स्थिति में होने के कारण वे अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल ने गोलीकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और फरार आरोपी छात्र की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
लक्सर में छात्र पर चली गोली, इलाके में मचा हड़कंप




