न्यूज 127.
दो पक्षों में चल रहे आपसी विवाद को निपटाने के लिए जो पंचायत बुलायी गई उसमें एक पक्ष ने अचानक गोली चला दी। इस घटना से हड़ंकप मच गया। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
घटना रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव की है। यहां आपसी विवाद के निपटारे के लिए मौजीज लोगों की पंचायत बुलाई गई थी। बताया गया है कि इस पंचायत में पुहाना निवासी नईम और रईस भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष से बाबू हत्याकांड का आरोपी रोहित भी इस पंचायत में शामिल था। इस पंचायत में दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात कह रहे थे। इस दौरान एक युवक ने गोली चला दी। गोली नईम के हाथ में लग गई। गोली चलते ही पंचायत में भगदड़ मच गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल नईम को अस्पताल पहुंचाया। सीओ नरेंद्र पंत और इंस्पेक्टर आरके सकलानी ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। पुलिस गोली चलाने वाले युवक की जानकारी जुटा रही है। साथ ही पंचायत बुलाने वालों की भी पुलिस तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोली किसने चलायी है। जांच और पूछताछ के बाद घटना का खुलासा होगा।
विवाद सुलझाने के लिए बुलायी गई पंचायत में चली गोली, मचा हड़कंप


