टोल प्लाजा पर दबंगों का आतंक, फायरिंग की, लाठी डंडों से टोल कर्मियों को पीटा




Listen to this article

न्यूज 127.
मेरठ पौढ़ी नेशनल मार्ग पर भैंसा गांव के निकट टोल प्लाजा पर मंगलवार की देर रात अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर टोल कर्मियों को घायल कर दिया। इस दौरान दबंगों ने तमंचों से फायरिंग भी की। हमले दो टोल कर्मी घायल हो गए, इनमें एक की हालत अधिक गंभीर बनी है। पूरी घटना टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे की है। बताया जा रहा है कि बोलेरो समेत करीब पांच कार सवार टोल पर पहुंचे, इनकी संख्या एक दर्जन से अधिक थी। बताया जा रहा है कि कुछ देर पहले बोलेरो से आए युवकों का टोल टैक्स को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त तो बोलेरो सवार चले गए लेकिन कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ लाठी डंडे और हथियार लेकर टोल पर पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करते हुए टोल कर्मियों पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की।

हमले में सौरभ सहित दो टोलकर्मी घायल हो गए। अन्य टोल कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। बाद में कार सवार फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। दोनों घायल टोल कर्मियों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां सौरभ की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसको मेरठ रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी कैमरों में खंगालकर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।