न्यूज 127. दीपक चौहान
भीमताल के आमडाली के पास गहरी खाई में गिरी रोडवेज की बस में सवार यात्रियों की मौत पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे में मरने वाले यात्रियों के परिजनों को 10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर बस दुर्घटना के मृतकों और घायलों को राहत राशि प्रदान की जाएगी। मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 3 लाख एवं सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को 15 से 25 हजार के बीच राहत राशि प्रदान की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मृतकों को 3 लाख रूपये मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से, 5 लाख रूपये उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकर राशि और दो लाख रूपये सड़क सुरक्षा कोष राहत राशि के रूप में प्रदान किये जाएंगे। घायलों को ढाई लाख रूपये उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकर राशि और 50 हजार सड़क सुरक्षा राहत राशि के रूप में प्रदान किये जाएंगे। सामान्य घायलों को भी राशि प्रदान की जाएगी।
बतादें जनपद नैनीताल- भीमताल के आमडाली के पास 100 मीटर गहरी खाई में यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस जा गिरी। दुर्घटनाग्रस्त हुई रोड़वेज़ बस में सवार यात्रियों को एसडीआरएफ ओर उत्तराखंड पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर बाहर निकाला। इनमें से एक बच्चे समेत चार की मौके पर ही मौत हो गई। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में मरने वालों के प्रति गहरा दुख जताया है। अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज दिलाने के निर्देश सीएम ने दिये।
जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष, नैनीताल द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि थाना भीमताल क्षेत्रान्तर्गत आमडाली के पास एक रोडवेज बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। घटना की सूचना पर अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF द्वारा तत्काल SDRF की 2 टीमों को घटनास्थल हेतु रवाना होने के लिए निर्देशित किया गया। सेनानायक के निर्देशानुसार पोस्ट खैरना से व पोस्ट नैनीताल से SI मनीष भाकुनी के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
बताया गया कि उत्तराखंड परिवहन की बस जो हल्द्वानी की तरफ जा रही थी और आमपड़ाव के पास अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। बस में कुल 29 लोग सवार थे जिनमें से 04 लोगों (02 पुरुष, 01 महिला, 01 बच्चा) की मौके पर ही मृत्यु हो गयी है।
SDRF रेस्क्यू टीम द्वारा जिला पुलिस, स्थानीय लोगों, फायर सर्विस इत्यादि के साथ संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए घायलों को रेस्क्यू किया गया व 04 मृतकों को जिला पुलिस के सुपर्द किया गया। 11 लोग सामान्य घायल है जिन्हें निकट अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि गम्भीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।