भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर बस हादसा, 7 की मौत, 12 घायल मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक




Listen to this article

अल्मोड़ा।
जनपद अल्मोड़ा के भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। भिकियासैंण से रामनगर जा रही केमू बस (संख्या यूके07पीए-4025) भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर सिरखोन बैण्ड के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे द्वाराहाट से सिनार–विनायक होते हुए रामनगर की ओर जा रही थी। बस में चालक व परिचालक सहित कुल 19 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए। जिलाधिकारी स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तहसील भिकियासैंण से प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्घटना में मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल नंदा बल्लभ और हंसी सती को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि अन्य 4 घायलों को रामनगर रेफर किया गया है।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्रों में तत्काल रेफर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।