न्यूज 127.
हरिद्वार नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों ने मतदाताओं के घरों को घेरना शुरू कर दिया है। वोटरों के घरों की घेराबंदी की जा रही है। अपने पक्ष में मतदान करने के लिए प्रलोभन दिए जा रहे हैं। वोटरों की खरी खोटी बातों पर भी प्रत्याशियों के चेहरे पर मुस्कराहट साफ देखी जा सकती है।
हरिद्वार में चुनाव प्रचार का रोमांच चरम पर है। भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बसपा और तमाम निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से रणनीति बनाकर चुनाव अभियान को गति प्रदान की है। संघ से लेकर भाजपा संगठन के तमाम पदाधिकारी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे है। भाजपा की मेयर प्रत्याशी किरण जैसल के पति सुभाष जैसल, बेटा रवि जैसल और बेटी व बहू चुनाव प्रचार में जुटे है। जबकि कांग्रेस की बात करें तो संगठन की एकजुटता का अभाव चुनाव प्रचार में साफ दिखाई पड़ रहा है। हालांकि कांग्रेस को जनता की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी को जनसमर्थन जरूर मिल रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी अमरेश देवी बालियान अपने बेटे वरूण बालियान के निर्देशन में चुनाव प्रचार अभियान कर रही है। वरूण बालियान ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
आम आदमी पार्टी की बात करें तो यहां जिलाध्यक्ष संजय सैनी पूरे मनोभाव से अपनी पत्नी शिप्रा सैनी के पक्ष में जोरदार तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे है। लेकिन यहां बात वोटरों को रिझाने और उनके घरों पर डेरा जमान की हो रही है तो भाजपा आगे है। भाजपा की ओर से वोटरों को तमाम आश्वासन दिए जा रहे है। हरिद्वार में निकाय चुनाव परिणाम को लेकर अभी बहुत कुछ साफ नही है। जनता की खामोशी और भाजपा की रणनीति को लेकर कई सस्पेंस बरकरार है। सबसे बड़ी बात कि भाजपा अपनी रणनीति के बूते जनता की खामोशी को वोट में तब्दील कर पायेगी या फिर जनता की खामोशी हवा का रूख कांग्रेस की तरफ ले जायेगी। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होना है। बसपा चुनाव परिणामों के समीकरणों में जरूर कुछ उलटफेर करने की भूमिका निभायेगी। फिलहाल तो प्रलोभन का सिलसिला जारी है।
हरिद्वार के प्रत्याशियों ने वोटरों के घरों को घेरा, वोट पाने के लिए प्रलोभन का दौरा




