हरिद्वार में 11 से 26 मार्च तक चलेगा “चकाचक शौचालय सफाई अभियान”, डीएम ने जारी किए निर्देश








Listen to this article


हरिद्वार
जनपद हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से 11 मार्च से 26 मार्च 2026 तक “चकाचक शौचालय सफाई अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “हरिद्वार जनपद स्वच्छ हो अपना” संकल्प के तहत संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के
सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए आदेश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, रख-रखाव और जनजागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी।
स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा
अभियान का उद्देश्य जनपद में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाना, नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और हरिद्वार आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। इस दौरान “मेरा शौचालय, मेरा सम्मान” संदेश के माध्यम से जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
कई विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने नगर निगम हरिद्वार और रुड़की, चिकित्सा विभाग, पंचायत राज विभाग, जिला उद्योग केंद्र, पर्यटन विभाग, सिडकुल क्षेत्र, विद्यालय परिसर, बैंकिंग संस्थान, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग, बीएचईएल औद्योगिक क्षेत्र और सुलभ शौचालयों सहित विभिन्न संस्थानों में अभियान के तहत सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जीपीएस लोकेशन के साथ भेजनी होंगी फोटो
डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किए गए सफाई कार्यों की जीपीएस लोकेशन के साथ पहले और बाद की फोटो निर्धारित व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करें।