सुसाइड नोट में आर्थिक संकट और संपत्ति विवाद का जिक्र
हरिद्वार
कनखल थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक केमिकल इंजीनियर ने आर्थिक संकट और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। बाथरूम में अंगीठी जलाने से उत्पन्न कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें शेयर बाजार में नुकसान, आर्थिक तंगी और संपत्ति विवाद का उल्लेख किया गया है।
घटना न्यू विष्णु गार्डन कॉलोनी, कनखल की है। मृतक की पहचान लव कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से केमिकल इंजीनियर थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लव कुमार को हाल ही में शेयर बाजार में भारी नुकसान हुआ था। इससे मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी बढ़ गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक को शराब की लत लगने की जानकारी भी मिली है, जिसके कारण पारिवारिक संबंधों में तनाव बढ़ गया था। बताया गया है कि उनकी पत्नी कुछ समय से बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।
एसएसआई सतेंद्र भंडारी के मुताबिक सुसाइड नोट में लव कुमार ने लिखा कि पिता ने मेरे नाम संपत्ति नहीं की। इस उम्र में नौकरी नहीं कर सकता हूं। जिंदगी से थक गया हूं।”
विदित हो कि बुधवार करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
कनखल थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। सुसाइड नोट में लिखी बातों और आर्थिक संकट से जुड़ी परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस मृतक के वित्तीय लेन-देन, संपत्ति विवाद और पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सके।




