न्यूज127
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत नदी महोत्सव की शुरुआत की गई। इस क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती आकांक्षा कोण्डे ने चंडी पुल स्थित नमामि गंगे घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने घाट पर सफाई कर श्रमदान किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को नदियों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।
मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने कहा कि मां गंगा और उसकी सहायक नदियों को स्वच्छ और संरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से 29 जुलाई से सितंबर 2025 तक जनपद के ग्राम स्तर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी प्रमुख घाटों की सफाई कराई जाएगी और नमामि गंगे परियोजना एवं जिला पंचायत राज विभाग के माध्यम से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण रोकने और लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज के लिए प्रेरित करने हेतु व्यापक जनसंवाद किया जाएगा। साथ ही शिक्षा विभाग की सहभागिता से छात्र-छात्राओं के लिए निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कर नदियों के संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल भंडारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं नमामि गंगे परियोजना से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने नदी महोत्सव अभियान का किया शुभारंभ





