न्यूज 127. देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ ने देश की आज़ादी के लिए आंदोलनरत निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को अस्वीकार कर अद्वितीय देशभक्ति, साहस और नैतिक दृढ़ता का परिचय दिया। उनका यह निर्णय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आज़ादी के संघर्ष में पेशावर कांड एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है। यह घटना स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में मील का पत्थर सिद्ध हुई, जिसने आंदोलन को नई दिशा और क्रांतिकारी आधार प्रदान किया। वीर चन्द्र सिंह ‘गढ़वाली’ का बलिदान और आदर्श आज भी देशवासियों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देश के वीर सपूतों के गौरवशाली इतिहास और उनके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर अग्रसर हों।



