हल्द्वानी शहर को सिटी बस सेवा की सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने दिखाई हरी झंडी




Listen to this article

हल्द्वानी
उत्तराखंड के सबसे व्यस्त शहरों में शुमार हल्द्वानी के लिए मंगलवार का दिन विकास की नई दिशा लेकर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया, जिससे शहरवासियों को अब सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस अवसर पर कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ हल्द्वानी के शहरी परिवहन तंत्र को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि “यह सेवा शहर के आम नागरिकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।”

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के प्रत्येक नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि शहरी परिवहन सेवाएँ न केवल सुविधाजनक हों, बल्कि आम नागरिक की आर्थिक पहुंच के भीतर भी रहें।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा जैसी परियोजनाएँ न केवल आवागमन को सुगम बनाएंगी, बल्कि शहरों के सतत विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होंगी। हमारी प्राथमिकता है कि नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर प्रदान किया जाए और शहरों का विकास योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हल्द्वानी सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में यह सेवा मुख्य बाजार, शिक्षण संस्थान, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए चलाई जाएगी। धीरे-धीरे इसका विस्तार आसपास के क्षेत्रों तक किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के साथ विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।