मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने 26.23 करोड़ की लागत से निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन का किया लोकार्पण




Listen to this article


नवीन चौहान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में 26.23 करोड़ की लागत से निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। यह विद्यालय वर्ष 2019 से खटीमा में संचालित था, जिसे अब स्थायी भवन प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस अवसर को शिक्षा क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय सेना, अर्धसैनिक बलों तथा सरकारी कर्मचारियों के बच्चों के लिए उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराएगा।


मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भावुक होते हुए कहा कि यदि उनके छात्र जीवन में खटीमा में केंद्रीय विद्यालय होता, तो वे भी इसके छात्र होते। उन्होंने बतौर विधायक खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए किए गए अपने प्रयासों को याद किया और कहा कि अब इस विद्यालय को अपना भवन मिल जाना गर्व की बात है।
श्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने देश की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। रोजगारपरक शिक्षा, शोध व वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने वाली यह नीति उत्तराखंड में सबसे पहले लागू की गई। राज्य के 5600 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में बालवाटिकाएं शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने खटीमा को अपना घर बताते हुए कहा कि यहां के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने क्षेत्र में किए गए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख किया, जिनमें हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल परिसर, राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम, बाईपास सड़कें और पुलों का निर्माण शामिल है।
राज्य सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि:
खटीमा के राजकीय महाविद्यालय में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं।
जनजातीय क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय प्रारंभ हुआ है।
राज्य ने सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में एसडीजी इंडेक्स में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। एक वर्ष में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4% की गिरावट दर्ज की गई है। 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने राज्य में सख्त कानूनों के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए बताया कि दंगारोधी व धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, अतिक्रमण हटाने, अवैध मदरसों व ढांचों पर कार्रवाई, व ऑपरेशन कालनेमि जैसे अभियानों के माध्यम से राज्य में अनुशासन और पारदर्शिता स्थापित की जा रही है।
उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति की बात करते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजा गया है।
कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।