न्यूज127
देवभूमि उत्तराखंड में आजादी का अमृत महोत्सव उमंग, उल्लास और देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान के बीच स्वतंत्रता दिवस का शुभारंभ किया।

तिरंगे की छांव में पूरा मैदान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर देश के वीर शहीदों को नमन किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और राज्य की गौरवशाली विरासत दर्शाने वाली फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

वीरों और कर्मवीरों को सम्मान
समारोह में पुलिस, फायर सर्विस और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जांबाज़ों को सम्मानित किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से श्रीमती श्वेता चौबे (सेनानायक, आईआरबी द्वितीय), योगेश चंद्र (पुलिस उपाधीक्षक), विपिन चंद्र पाठक (निरीक्षक), नरेंद्र सिंह बिष्ट (निरीक्षक), राकेश चंद्र भट्ट (उप निरीक्षक), अजय प्रकाश सेमवाल (लीडिंग फायरमैन) और सुनीत कुमार (मुख्य आरक्षी) को सम्मानित किया गया।

विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुए—शेखर चंद्र सुयाल (अपर पुलिस अधीक्षक), राजेंद्र सिंह खोलिया (निरीक्षक), कैलाश चंद्र भट्ट (निरीक्षक), मनोहर सिंह रावत (उप निरीक्षक), ओमकांत भूषण (उप निरीक्षक), दीपक कुमार (अपर उप निरीक्षक), गोपाल राम (मुख्य आरक्षी), अमरजीत (आरक्षी) और राहुल (आरक्षी)।

खेल जगत में उपलब्धियों के लिए प्रिया राणा, मनीषा चौहान, राहुल सरनालिया, अमीषा चौहान, विशम कश्यप, अमित बेलवाल और महक चौहान को भी सम्मानित किया गया।

राज्यहित में 6 महत्वपूर्ण घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विकास और जनकल्याण को गति देने के लिए 6 प्रमुख घोषणाएँ कीं—

- मिड-डे मील योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर और चूल्हा न होने वाले विद्यालयों में 2 गैस सिलेंडर और 1 चूल्हा उपलब्ध कराए जाएंगे।
- पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।
- ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि होगी।
- सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2,000 की वृद्धि।
- जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, जिनका संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।
- गंगोत्री एवं अन्य हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को और सशक्त बनाया जाएगा।
आपदा प्रभावितों के प्रति संवेदना, पुनर्वास में तेजी का आश्वासन
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने उत्तरकाशी के धराली समेत प्रदेश के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य के विभिन्न विभागों ने साहस और समर्पण के साथ राहत एवं बचाव कार्य किए हैं। उन्होंने पुनर्वास कार्यों को पूरी संवेदना और गति के साथ करने का भरोसा दिलाया।
विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार, धार्मिक व साहसिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, फिल्म एवं वेडिंग डेस्टिनेशन, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश, स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, स्टार्टअप इकोसिस्टम, 200 करोड़ के वेंचर फंड, योग नीति, स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन, ऑर्गेनिक उत्पादों के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड, किसानों को ब्याज मुक्त ऋण व सब्सिडी, नई कृषि नीतियाँ और पर्यटन परियोजनाएँ—ये सभी राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।
खेल और युवा सशक्तिकरण
राज्य को ‘खेलभूमि’ बनाने के संकल्प के साथ ग्रीन गेम्स थीम पर राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतना, 8 शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना और खेलों के लिए स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान लागू करना महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हैं।
सशक्त प्रशासन और पारदर्शिता
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने समान नागरिक संहिता लागू करने, धर्मांतरण रोधी कानून को सख्त बनाने, सात हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत सनातन धर्म विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जैसे कदमों को राज्य के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने को संरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, विधायक खजानदास, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, तमाम वरिष्ठ शासन, प्रशासन के अधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे।