मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनतेरस पर किया रुड़की जिला कार्यालय का लोकार्पण




Listen to this article


रूड़की क्षेत्र की छह विधानसभाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा का केंद्र नया भवन

हरिद्वार
धनतेरस के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुड़की में नव निर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यालय कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और संगठन की शक्ति का प्रतीक है।

हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक” — मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा संगठन देशभर में अपने ढांचे को मजबूत कर रहा है। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नया कार्यालय उसी सशक्त संगठन का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय भवन सिर्फ दीवारों का ढांचा नहीं, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और एकजुटता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र की छह विधानसभाओं के लिए ऊर्जा का केंद्र बनेगा। यहां से संगठन की योजनाओं और विकास कार्यों का संचालन होगा ताकि समाज के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो अनुशासन, संगठन और समर्पण के सिद्धांतों पर चलती है। पार्टी हर स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और उन्हें देश निर्माण में भागीदारी का अवसर देती है।

“विश्वगुरु बनने की राह पर भारत”
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है। हम सभी को स्वदेशी उत्पादों को अपनाना चाहिए। यही सच्ची देशभक्ति है और यही आत्मनिर्भर भारत का आधार है।

नई ऊर्जा का संचार करेगा कार्यालय
हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान धनवंतरी के अवतरण दिवस पर भाजपा कार्यालय का शुभारंभ अत्यंत शुभ संकेत है। इस कार्यालय से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संगठन में नई मजबूती आएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने भी स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की अपील की।

यहीं से तय होगी क्षेत्र के विकास की रूपरेखा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि रुड़की जिला कार्यालय क्षेत्र के विकास कार्यों का संचालन केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की “मन की बात” जैसे कार्यक्रमों को प्रत्येक बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा, जिससे संगठन की जड़ें और मजबूत होंगी।

जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने जताया आभार
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भवन भाजपा परिवार की एकता और सामूहिक परिश्रम का परिणाम है।

कार्यक्रम में रही जनसैलाब जैसी भीड़
भव्य कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, जून अखाड़े के महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी महाराज, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, विधायक प्रदीप बत्रा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल, सीडीओ ललित नारायण मिश्र, एडीएम पी.आर. चौहान सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।