रन फॉर अवेयरनेस रैली में बोले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नशा साइलेंट वार-निशाना है युवा शक्ति








Listen to this article

न्यूज 127.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से रन फॉर अवेयरनेस रैली का शुभारंभ झंडी दिखाकर किया। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित रैली से पहले सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह दौड़ मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशे से मुक्त उत्तराखंड के संकल्प की दौड़ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी यहां से कदम आगे बढ़ाएंगे, तो यह संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ कह रहा है और जीवन को हां कह रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा एक साइलेंट वार की तरह फैल रहा है। इसका सबसे बड़ा निशाना हमारी युवा शक्ति है। मजाक-मजाक में युवा नशे की चपेट में आ जाते हैं और वहां से लौटना बहुत मुश्किल हो जाता है। यह न सिर्फ व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को संकट में डाल देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल कानून बनाने से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए समाज की जागरूकता और युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हम सभी संकल्प लें कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने मित्रों व समाज को भी जागरूक करेंगे। औपचारिकता से नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प से ही हम ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, आरएसएस संपर्क प्रमुख उत्तर क्षेत्र जसवीर, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित सैकड़ों युवाओं ने नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।