मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का राजस्व समीक्षा में टैक्स रिकवरी पर ज़ोर
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य की राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने विभागवार राजस्व स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता के लिए राजस्व संग्रहण में वृद्धि अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने टैक्स रिकवरी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि लंबित कर वसूली को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कर अपवंचन रोकने, राजस्व लीकेज पर प्रभावी नियंत्रण और तकनीक के बेहतर उपयोग से कर संग्रह प्रणाली को और मजबूत करने पर ज़ोर दिया।
श्री धामी ने विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और राजस्व वृद्धि के नए स्रोतों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईमानदार करदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों और प्रभावी प्रशासनिक कार्यवाही से राज्य की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।







