पथ प्रवाह, हरिद्वार
धनतेरस के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर पहुंचकर उन्हें धनतेरस और दीपावली की हार्दिक बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी डिफेन्स कॉलोनी स्थित पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। दोनों नेताओं ने दीपावली पर्व पर प्रदेश में खुशहाली, समृद्धि और आपसी सद्भाव की कामना की। इस दौरान प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश, सत्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी लोग पारंपरिक तरीके से मिट्टी के दीए जलाएं और पर्यावरण की रक्षा करते हुए स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के आगमन पर उनका आभार जताते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड की निरंतर प्रगति की कामना की।
धनतेरस के अवसर पर हुई यह मुलाकात प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक सद्भावना का प्रतीक बनी रही।