मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की 2026 में आत्मनिर्भर उत्तराखंड की निर्णायक शुरुआत




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वर्ष 2026 उत्तराखंड के लिए नीतियों से परिणाम का वर्ष साबित होने जा रहा है। ऐतिहासिक फैसलों के बाद अब राज्य सरकार का पूरा फोकस योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जमीनी बदलाव और आम जनता की आय व जीवन स्तर में ठोस सुधार पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में धामी सरकार 2026 में सुशासन, समावेशी विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को नई गति देने की तैयारी में है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 में प्रशासनिक पारदर्शिता, ई-गवर्नेंस और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति को और सख्ती से लागू किया जाएगा। डिजिटल फाइल सिस्टम, ऑनलाइन सेवाएं और समयबद्ध कार्य संस्कृति को शासन की रीढ़ बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिक को बिना भटकाव के सेवाओं का लाभ मिल सके।

इन्फ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना, हेली सेवाओं के विस्तार और सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक सड़कों के निर्माण को तेज किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों को स्वास्थ्य, शिक्षा और आपात सेवाओं से मजबूत रूप से जोड़ना है।

वर्ष 2026 में धामी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना है। इसके लिए उद्यानिकी, पॉलीहाउस खेती और कीवी नीति को आय बढ़ाने का मुख्य माध्यम बनाया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में पॉलीहाउस के जरिए वर्षभर खेती, कीवी, सेब और अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने और पलायन रोकने पर विशेष फोकस रहेगा।

पर्यटन को रोजगार का बड़ा माध्यम बनाते हुए चारधाम यात्रा के साथ विंटर टूरिज्म, ईको-टूरिज्म, साहसिक पर्यटन और होमस्टे योजनाओं को नई दिशा दी जाएगी। स्थानीय युवाओं और महिलाओं की भागीदारी से पर्यटन आधारित आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, नकलमुक्त परीक्षाएं, स्टार्टअप और उद्योगों को प्रोत्साहन, युवाओं के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाएं 2026 के एजेंडे में प्रमुख रहेंगी। वहीं समान नागरिक संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ महिला सशक्तिकरण, लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को भी सरकार ने शीर्ष प्राथमिकताओं में रखा है। हिमालयी पारिस्थितिकी, नदियों, वनों और जल स्रोतों के संरक्षण के साथ आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र को और सुदृढ़ किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 उत्तराखंड को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का वर्ष होगा, जहां किसान समृद्ध होंगे, युवा आशावान होंगे और महिलाएं विकास की मुख्यधारा में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।